इथेनॉल आधारित वाहनों को बढ़ावा, कई कंपनियां जल्द लॉन्च करेंगी नई गाड़ियां

National News

नागपुर, 14 जून। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari ने 100 प्रतिशत इथेनॉल ईंधन को कानूनी मान्यता देने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे देश की पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम होगी और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में गडकरी ने बताया कि उन्होंने 100 फीसदी इथेनॉल ईंधन के लिए नियमों को मंजूरी देते हुए संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि इथेनॉल भविष्य में पेट्रोल का प्रभावी विकल्प बनकर उभरेगा और देश पर पड़ने वाले लगभग 22 लाख करोड़ रुपये के ईंधन आयात बोझ को कम करने में मदद करेगा।

गडकरी ने कहा कि भारत वैकल्पिक ईंधनों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि 100 प्रतिशत इथेनॉल पर चलने वाली Maruti Suzuki WagonR Flex Fuel का शुभारंभ किया जा चुका है। इसके अलावा दोपहिया वाहनों के क्षेत्र में भी प्रगति हो रही है और कई कंपनियां इस तकनीक को अपनाने की तैयारी में हैं।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि Hero MotoCorp की दो मोटरसाइकिलें पहले ही 100 प्रतिशत इथेनॉल ईंधन पर लॉन्च की जा चुकी हैं। वहीं आगामी महीनों में Toyota, Suzuki और Hyundai जैसी कंपनियां भी इथेनॉल आधारित वाहन बाजार में उतारने की तैयारी कर रही हैं।

गडकरी ने कहा कि इथेनॉल मिश्रित ईंधन को लेकर शुरूआती दौर में कई तरह की भ्रांतियां फैलाई गईं, लेकिन अब यह तकनीक तेजी से स्वीकार्यता प्राप्त कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वैकल्पिक ईंधन के क्षेत्र में भारत आने वाले वर्षों में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने नागपुर में हुए विभिन्न विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से शहर में ऑक्सीजन पार्क, बर्ड पार्क, मेट्रो परियोजना, एम्स, आईआईएम, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी तथा आईआईआईटी जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों का विकास हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *