देहरादून, 06 नवंबर 2026। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव में प्रदेश को विकास की बड़ी सौगात मिली। परेड ग्राउंड, देहरादून में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से ₹1,475.31 करोड़ की लागत वाली 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इनमें ₹1,073.11 करोड़ की 44 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹402.20 करोड़ की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, शहरी विकास, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी।
ऊर्जा क्षेत्र को मिली सबसे बड़ी सौगात
योजनाओं में सबसे बड़ा हिस्सा ऊर्जा विभाग का रहा। यूपीसीएल की ₹472.33 करोड़ की लागत वाली 20 योजनाओं का शिलान्यास और ₹77.93 करोड़ की 3 योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से प्रदेश की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक मजबूत और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
पेयजल और लोक निर्माण विभाग की योजनाएं
पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पेयजल निगम की ₹191.17 करोड़ की 8 योजनाओं का शिलान्यास और ₹82.03 करोड़ की 5 योजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं, जल संस्थान की ₹62.30 करोड़ की 2 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
लोक निर्माण विभाग की ₹18.78 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास और ₹99.68 करोड़ की 3 योजनाओं का लोकार्पण किया गया।
कुंभ-2027 की तैयारियों को भी मिलेगी गति
शहरी विकास विभाग की ₹92.25 करोड़ की 4 योजनाओं का शिलान्यास और ₹10.95 करोड़ की एक योजना का लोकार्पण किया गया। इनमें आगामी कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत हरिद्वार में सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
राज्योत्सव के अवसर पर शुरू की गई इन विकास परियोजनाओं को प्रदेश के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और विकास कार्यों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




