मुख्यमंत्री धामी ने छात्राओं के साथ सुनी पीएम मोदी की मन की बात

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून, 31 मई। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की प्रेरणादायक कहानियों को साझा कर समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री के संदेश समाज में सकारात्मक बदलाव का आधार बन रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों से समाज में उल्लेखनीय परिवर्तन ला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने आज के कार्यक्रम में भीषण गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने का आह्वान किया। साथ ही देशी एवं पारंपरिक पेयों को बढ़ावा देने तथा आम सहित भारतीय फलों की विशेषताओं का भी उल्लेख किया।

छात्राओं से किया संवाद

‘मन की बात’ कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री श्री धामी ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से कार्यक्रम के संबंध में फीडबैक लिया और उनके विचार जाने।

मुख्यमंत्री ने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रुचिकर गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास बड़े बदलावों का आधार बनते हैं। अच्छे कार्यों से अन्य लोग भी प्रेरित होते हैं और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। निष्ठा और समर्पण के साथ किया गया कार्य दूसरों के लिए भी उदाहरण बनता है।

इस अवसर पर विधायक महंत दलीप सिंह रावत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *