सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की वर्षगांठ के अवसर पर पहली बार आयोजित किए जा रहे आपदा प्रबंधन दिवस के तहत शनिवार को उत्तराखण्ड में राज्य स्तरीय मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। राज्यव्यापी इस अभ्यास में राज्य स्तर के साथ ही सभी 13 जनपदों तथा तहसील स्तर पर गठित घटना प्रतिक्रिया प्रणाली की टीमों ने प्रतिभाग किया।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर मॉक अभ्यास का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मा. मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान उत्तराखण्ड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए साहस, धैर्य, समन्वय और मानवीय संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल है। इस अभियान ने यह संदेश दिया कि कठिन से कठिन आपदा की स्थिति में यदि सभी एजेंसियां एकजुट होकर स्पष्ट रणनीति और समन्वय के साथ कार्य करें तो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन दिवस केवल किसी घटना को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उससे मिली सीख को भविष्य की तैयारियों में शामिल करने का अवसर है। मॉक अभ्यास इसी उद्देश्य को धरातल पर परखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे यह पता चलता है कि हमारी व्यवस्थाएं वास्तविक आपदा की स्थिति में कितनी तत्परता से काम कर सकती हैं। मा. मंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं और यहां विभिन्न प्रकार की आपदाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में आपदा से पहले की तैयारी, समय पर सूचना, त्वरित प्रतिक्रिया और विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के आपदा प्रबंधन मॉडल की चर्चा आज पूरे देश में होती है। राज्य ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं विकसित की हैं और लगातार अपनी क्षमता को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मॉक अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों और चुनौतियों का गंभीरता से विश्लेषण किया जाए तथा उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य में एआई आधारित अर्ली वार्निंग सिस्टम, डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम, ड्रोन सर्विलांस, जीआईएस मैपिंग, सैटेलाइट मॉनिटरिंग तथा डेटा आधारित जोखिम आकलन जैसी आधुनिक तकनीकों को आपदा प्रबंधन से जोड़ा जा रहा है, जिससे संभावित खतरों का समय रहते सटीक आकलन कर जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव सुनिश्चित करने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को सशक्त बनाया गया है तथा अर्ली वार्निंग सिस्टम को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों तक समय पर चेतावनी पहुंचाई जा सके।
आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (से.नि) रघुवीर सिंह भण्डारी, सचिव विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीआईजी राजकुमार नेगी, कमाण्डेंट एसडीआरएफ अजय गणपति, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा आदि उपस्थित रहे।




