मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार, आर्थिक सहायता सहित विभिन्न क्षेत्रीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़े प्रकरण मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए।

मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला या विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से शासन स्तर पर लंबित नहीं रखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ लोगों की समस्याएं सुनकर नियमानुसार उनका शीघ्र निस्तारण करना चाहिए, ताकि आमजन को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जन शिकायतों के समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों को प्रभावी बनाया जा रहा है। इन अभियानों के माध्यम से शासन-प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने के साथ पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से भी जोड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम होंगे। ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविरों के साथ स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। शासन, जिला प्रशासन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय से जनसमस्याओं के समाधान को और प्रभावी बनाने पर भी उन्होंने जोर दिया।

ताइक्वांडो पदक विजेता खिलाड़ियों से भी मिले मुख्यमंत्री

जनसुनवाई के दौरान 9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में पदक जीतने वाले उत्तराखण्ड के खिलाड़ियों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की। प्रतियोगिता 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक पटाया, चोनबुरी, थाईलैंड में आयोजित हुई थी।

प्रतियोगिता में उत्तराखण्ड के मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक, जबकि मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक हासिल किया। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *