उत्तराखंड में जीएसटी संग्रहण में बड़ा उछाल, पहली तिमाही में 24% बढ़ा नेट एसजीएसटी कलेक्शन

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून, 25 जुलाई।उत्तराखंड में राज्य कर विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में जीएसटी संग्रहण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में नेट एसजीएसटी संग्रहण में 24 प्रतिशत, नॉन-जीएसटी संग्रहण में 12 प्रतिशत तथा कुल राजस्व संग्रहण में 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

शनिवार को प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु की अध्यक्षता में आयोजित राज्य कर विभाग की समीक्षा बैठक में जीएसटी संग्रहण, कर अनुपालन, विभागीय कार्यों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि अप्रैल से जून 2026 के दौरान नॉन-जीएसटी संग्रहण ₹658 करोड़ से बढ़कर ₹740 करोड़ हो गया, जबकि नेट एसजीएसटी संग्रहण ₹2,457 करोड़ से बढ़कर ₹3,056 करोड़ पहुंच गया। इसी अवधि में कुल राजस्व संग्रहण ₹3,115 करोड़ से बढ़कर ₹3,796 करोड़ दर्ज किया गया।

बैठक में केंद्रीय खुफिया इकाई (CIU) के प्रदर्शन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में CIU के माध्यम से ₹12.92 करोड़ की वसूली की गई थी, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून तक यह आंकड़ा बढ़कर ₹16.48 करोड़ पहुंच गया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 27.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु ने अधिकारियों को जीएसटी संग्रहण में आई तेजी को बनाए रखने तथा आगामी महीनों में इसे और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर अनुपालन बढ़ाने, तकनीक और डेटा का प्रभावी उपयोग करने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

बैठक में विशेष जांच शाखा (SIB), मोबाइल स्क्वाड और ऑडिट कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने सभी इकाइयों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

साथ ही होटल एवं रेस्टोरेंट सेवाओं, वर्क्स कॉन्ट्रैक्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों में जीएसटी अनुपालन की स्थिति और विभाग की आगामी रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में वित्त सचिव दिलीप जावलकर, आयुक्त राज्यकर प्रतीक जैन, अपर सचिव/अपर आयुक्त महमोहन मैनाली, अपर सचिव/अपर आयुक्त अनिल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *