खटीमा, 14 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान, बगुलिया में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उनका फूल-मालाओं, थारू सांस्कृतिक नृत्य एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत सद्भावना सीएलएफ द्वारा संचालित दीदी कैफे का फीता काटकर शुभारंभ भी किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है तथा योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाया है तथा नकल विरोधी कानून के माध्यम से युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का कार्य किया है। राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और “जन-जन की सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम इसी संकल्प को सशक्त बनाने का माध्यम है। उन्होंने खटीमा को अपना परिवार बताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को सहायता एवं अनुदान राशि वितरित की गई। मत्स्य विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




