बीस सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने संभाला कार्यभार

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून, 6 जून। बीस सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के नवनियुक्त उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने शनिवार को समिति कार्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हों।

रामपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्राप्त की जाए तथा उनकी समीक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए, जिससे योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आम जनता तक पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता जनता के जीवन स्तर में सुधार लाना है और बीस सूत्रीय कार्यक्रम इस दिशा में एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान बीस सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, निदेशक सुशील कुमार, संयुक्त निदेशक टी.एस. अन्ना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *