(नई दिल्ली)24अक्टूबर,2026
भारत की स्टार महिला शटलर पीवी सिंधू ने फ्रेंच ओपन 2026 के सेमीफाइनल में शनिवार को जापान की हिना अकेची को हराकर पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता का अब फाइनल में सामना साउथ कोरिया की वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी एन से यंग से रविवार को होगा। पीवी सिंधू के पास इस साल अपना दूसरा सुपर 750 टाइटल जीतने का शानदार मौका होगा।
जुलाई में जापान ओपन सुपर 750 जीतने वाली पीवी सिंधु ने फ्रेंच ओपन 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने दुनिया की 22वें नंबर की खिलाड़ी अकेची को एक घंटे 13 मिनट में 21-10, 20-22, 21-16 से हराया। सिंधू ने बेशक इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली, लेकिन उनके सामने अब दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी एन से यंग हैं जिनके खिलाफ उनका रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। संधू और एन से यंग के बीच अब तक कुल 10 मुकाबले हुए हैं जिसमें उन्हें एक बार भी जीत नहीं मिली है।
सेमीफाइनल में पीवी सिंधू को मिली जीत
इस साल की शुरुआत में इंडोनेशिया ओपन और सिंगापुर ओपन में पीवी सिंधु को इस कोरियाई खिलाड़ी के हाथों सीधे गेमों में हार का सामना करना पड़ा था। इसलिए रविवार का फाइनल पीवी सिंधु के लिए एक बड़ी चुनौती है हालांकि पेरिस में उनके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए उनसे खिताब की उम्मीद की जा सकती है। वैसे सेमीफाइनल मैच की बात करें तो पहला गेम 8-8 तक काफी टक्कर वाला रहा, लेकिन सिंधु ने तेजी दिखाई और इंटरवल तक 11-9 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने खेल पर पूरा नियंत्रण कर लिया और आखिरी 12 में से 11 अंक जीतकर 18 मिनट में 21-10 से गेम अपने नाम कर लिया




