ACC-127 के कैडेट्स को मिली JNU की डिग्री, जल्द बनेंगे सैन्य अधिकारी

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून, 6 जून। इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA) स्थित आर्मी कैडेट कॉलेज (ACC) विंग में शनिवार को ACC-127 कोर्स का भव्य दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर 73 कैडेट्स ने अपनी कठिन शैक्षणिक एवं सैन्य प्रशिक्षण यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर नई उपलब्धि हासिल की।

चैटवुड हॉल में आयोजित समारोह में इंडियन मिलिट्री एकेडमी के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल नागेंद्र सिंह (AVSM, YSM, SM) ने 127वें कोर्स के साइंस स्ट्रीम के 32 तथा ह्यूमैनिटीज़ स्ट्रीम के 42 कैडेट्स को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), नई दिल्ली की स्नातक डिग्री प्रदान की।

अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट जनरल नागेंद्र सिंह ने कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि चरित्र, आत्म-अनुशासन, साहस, सकारात्मक दृष्टिकोण और पेशेवर दक्षता एक सफल सैन्य अधिकारी की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि कैडेट्स ने कठिन प्रशिक्षण पूरा कर अपने सैन्य करियर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को विभिन्न सम्मान प्रदान किए गए। विंग कैडेट कैप्टन नवीन को चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (COAS) गोल्ड मेडल, कंपनी कैडेट कैप्टन अवनीश कुमार मिश्रा को सिल्वर मेडल तथा विंग कैडेट क्वार्टर मास्टर हर्षराज को ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया गया।

सर्विस सब्जेक्ट्स में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कंपनी क्वार्टर मास्टर सार्जेंट अमनप्रीत सिंह को कमांडेंट सिल्वर मेडल दिया गया। वहीं ह्यूमैनिटीज़ स्ट्रीम में अवनीश कुमार मिश्रा और साइंस स्ट्रीम में नवीन ने प्रथम स्थान हासिल किया।

इस अवसर पर नुब्रा कंपनी को समग्र प्रदर्शन के आधार पर प्रतिष्ठित ‘कमांडेंट बैनर’ प्रदान किया गया। यह सम्मान खेल, शारीरिक प्रशिक्षण, अकादमिक उत्कृष्टता, सैन्य प्रशिक्षण और अन्य प्रतिस्पर्धाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली कंपनी को दिया जाता है।

समारोह के अंत में कमांडेंट ने ACC विंग के कमांडर ब्रिगेडियर पीयूष खुराना (SM) तथा प्रशिक्षक एवं फैकल्टी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और मार्गदर्शन से कैडेट्स कुशल सैन्य अधिकारी बनने की दिशा में अग्रसर हुए हैं।

दीक्षांत समारोह के साथ तीन वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। अब जुलाई 2026 में यह कैडेट्स प्री-कमीशनिंग प्रशिक्षण के लिए इंडियन मिलिट्री एकेडमी में अधिकारी कैडेट्स के रूप में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *