गढ़वाली गीत ‘झुमकी बौजी भलि नचाड़’ का दर्शकों पर छाया जादू, मसूरी की वादियों में हुआ फिल्मांकन

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून। उत्तराखंड के लोकगीत-संगीत प्रेमियों के बीच गढ़वाली गीत ‘झुमकी बौजी भलि नचाड़’ इन दिनों खासा लोकप्रिय हो रहा है। मसूरी की खूबसूरत वादियों में फिल्माया गया यह गीत रिलीज होते ही दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहा है। गीत के मधुर बोल, आकर्षक संगीत, शानदार नृत्य और पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा दर्शकों को खूब पसंद आ रही है।

गीत में कानों की झुमकी और उत्तराखंड के प्रसिद्ध झालर वाली नथ का खूबसूरत उल्लेख किया गया है। निर्देशक ने पहाड़ की पारंपरिक संस्कृति, आभूषणों और पहनावे को बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत किया है। भाभी और देवर के रिश्ते पर आधारित इस गीत में पहाड़ी समाज की आत्मीयता, अपनापन और भाभी के प्रति मां जैसा सम्मान भी देखने को मिलता है। गीत की खासियत यह है कि इसमें कहीं भी फूहड़पन नहीं है और इसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सकता है।

गीत में उत्तराखंड की प्रसिद्ध अभिनेत्री मिनी उनियाल और प्रतिभाशाली कलाकार अमित डोरेमोन ने शानदार अभिनय एवं नृत्य किया है। बौजी (भाभी) की भूमिका में मिनी उनियाल और चुलबुले देवर के किरदार में अमित डोरेमोन की जोड़ी दर्शकों को खूब भा रही है।

गीत के निर्देशक एवं प्रसिद्ध फिल्मकार प्रदीप भंडारी का कहना है कि अच्छा गीत-संगीत और नृत्य प्रकृति का ऐसा वरदान है, जो मन, मस्तिष्क और भावनाओं को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। ऐसे गीत समाज के हर वर्ग को आनंदित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस गीत के बोल, नृत्य और वेशभूषा में सकारात्मकता का विशेष ध्यान रखा गया है। यह गीत दर्शकों को झुमाने, नचाने के साथ ही उनके दिल को छूने का प्रयास करता है। उन्होंने लोगों से ऐसे स्वस्थ और पारिवारिक गीतों को प्रोत्साहित करने की अपील की।

इस गीत के बोल नवोदित गायक एवं गीतकार सुनील टम्टा ने लिखे हैं और गीत को अपनी आवाज भी दी है। संगीत युवा संगीतकार सुमित गुसाईं ने तैयार किया है। वरिष्ठ सिनेमैटोग्राफर नागेंद्र प्रसाद ने डीओपी की जिम्मेदारी निभाई है। वहीं नृत्य निर्देशन अमित डोरेमोन ने किया है और कैमरा सहायक नितेश भट्ट रहे हैं। गीत की निर्मात्री कमलेश भंडारी हैं।

पर्वतीय बिगुल फिल्म्स के बैनर तले रिलीज हुआ यह गीत उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पारिवारिक रिश्तों और पारंपरिक पहनावे को खूबसूरती से सामने लाने का प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *