मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गंगोत्री धाम में की पूजा-अर्चना, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

UTTARAKHAND NEWS

गंगोत्री। जनपद भ्रमण के दूसरे दिन शनिवार को मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन ने गंगोत्री धाम पहुंचकर मां गंगा के साथ विश्वनाथ मंदिर एवं शक्ति मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने विधिवत पूजा कर मां गंगा से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्य सचिव ने गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर धाम में संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा। साथ ही घाटों पर स्वच्छता, नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों और मंदिर परिसर के आसपास साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनी रहे। श्रद्धालुओं को दर्शन एवं स्नान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

इस दौरान मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित अन्य अधिकारी एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *