देहरादून, 07 जुलाई। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में केदारनाथ पुनर्निर्माण एवं पुनर्विकास कार्यों तथा बद्रीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने दोनों धामों में चल रहे निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने केदारनाथ धाम में प्रस्तावित छह नए ब्लॉकों का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरे हो सकें और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को केदारनाथ यात्रा क्षेत्र के लिए व्यापक एवं एकीकृत कूड़ा प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाले कचरे के वैज्ञानिक एवं प्रभावी निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए आवश्यक वित्तीय, तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।
समीक्षा बैठक में बद्रीनाथ मास्टर प्लान के फेज-1 एवं फेज-2 के अंतर्गत संचालित कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ-साथ परियोजना से जुड़े कंटेंट एवं आर्टवर्क को भी समानांतर रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना निर्धारित समय पर पूरी हो सके।
उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में विकसित की जा रही सभी परिसंपत्तियों एवं सुविधाओं के संचालन एवं रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) के लिए पहले से ही स्पष्ट फ्रेमवर्क तैयार किया जाए। इससे परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद संबंधित संस्थाओं को जिम्मेदारी सौंपने और रखरखाव व्यवस्था को प्रभावी बनाने में सुविधा होगी।
बैठक में सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।




