बरेली, 06 जुलाई। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती देते हुए सोमवार को टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा के शाहजहांपुर तक विस्तार का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद तथा केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने वर्चुअल रूप से टनकपुर, नांदेड और पीलीभीत स्टेशन से ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और जनभावनाओं को देखते हुए टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस तथा नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि भारतीय रेल में आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। पिछले 12 वर्षों में 37 हजार किलोमीटर नए रेल ट्रैक बिछाए गए हैं तथा 99.6 प्रतिशत रेल मार्गों का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष बुलेट ट्रेन परियोजना भी शुरू होने की दिशा में तेजी से कार्य चल रहा है। साथ ही आम यात्रियों की सुविधा के लिए 12 हजार नए सामान्य श्रेणी के कोच तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस केवल एक नई रेल सेवा नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक एकता का सशक्त सेतु है। उन्होंने कहा कि टनकपुर कुमाऊं का प्रवेश द्वार है और यहीं से पूर्णागिरि धाम तथा आदि कैलाश की यात्रा प्रारंभ होती है। लंबे समय से मध्य एवं दक्षिण भारत के लिए सीधी रेल सेवा की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। इससे महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों से उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय उत्पादों को भी नए बाजार उपलब्ध होंगे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस के संचालन को धार्मिक पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।
रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने कहा कि नई रेल सेवाओं से सिख श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। अब श्रद्धालु टनकपुर से सीधे दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह की पावन स्थली नांदेड तक यात्रा कर सकेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस और शाहजहांपुर तक विस्तारित टनकपुर-पीलीभीत रेल सेवा क्षेत्र के विकास की दृष्टि से बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि टनकपुर रेलवे स्टेशन का भी आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
पीलीभीत में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि नई रेल सेवाओं से पीलीभीत क्षेत्र के लोगों, विशेषकर सिख श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। साथ ही पीलीभीत टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
समारोह में जनप्रतिनिधियों ने नई रेल सेवाओं को क्षेत्र के विकास, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त किया।




