अल्मोड़ा, 21 जून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के समेकित और संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है तथा उत्तराखण्ड भी तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है तथा केदारखंड और मानसखंड में पर्यटन गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक राज्य में पहुंच रहे हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। धाम में पार्किंग क्षमता बढ़ाने के साथ ही आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि राज्य में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ आयुर्वेद एवं योग आधारित पर्यटन के क्षेत्र में भी व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ की अवधारणा के माध्यम से स्थानीय मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान मिली है, जिससे स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं और प्रदेश आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को देश का “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती परीक्षाओं में युवाओं का विश्वास पुनः स्थापित हुआ है। साथ ही राज्य सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
जनसभा के उपरांत मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी दन्या निवासी पवन पंत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सहभाग करते हुए कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में विधायक मोहन सिंह महरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




