चारधाम यात्रा वाले जिलों में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर रहेगी विशेष नजर : मुख्य सचिव

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून, 29 मई। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा बैठक में प्रदेश में खाद्यान्न एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आमजन को उचित दरों पर आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव ने खाद्य आयुक्त बी.एल. राणा से प्रदेश में खाद्यान्न, पेट्रोल-डीजल, एलपीजी तथा अन्य आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाजार में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्य सचिव ने कालाबाजारी, जमाखोरी और कृत्रिम अभाव पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि बाजारों, गोदामों और थोक विक्रेताओं की नियमित जांच की जाए। इसके लिए निरीक्षण अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को राहत देने और बाजार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से चारधाम यात्रा से जुड़े जनपदों में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य नियंत्रण पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में चीफ मार्केटिंग ऑफिसर डॉ. एम.एस. विसेन, रीजनल मार्केटिंग ऑफिसर सी.एम. घिल्डियाल तथा उपायुक्त निधि रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *