नई दिल्ली, 09 मई 2026 — केंद्र सरकार ने देश के अगले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के नाम का ऐलान कर दिया है। लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) को भारत का नया CDS नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान CDS जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई 2026 को समाप्त हो रहा है।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, एन.एस. राजा सुब्रमणि पदभार ग्रहण करने की तारीख से अगले आदेश तक सैन्य मामलों के विभाग (Department of Military Affairs) में सचिव की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि भारतीय सेना के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं। वे वर्तमान में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे भारतीय थल सेना के उप-प्रमुख (Vice Chief of Army Staff) और मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
राजा सुब्रमणि राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) और भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) के पूर्व छात्र हैं। उन्हें 14 दिसंबर 1985 को गढ़वाल राइफल्स की 8वीं बटालियन में कमीशन मिला था। उन्होंने किंग्स कॉलेज लंदन से मास्टर ऑफ आर्ट्स और मद्रास विश्वविद्यालय से डिफेंस स्टडीज में M.Phil की डिग्री प्राप्त की है।
करीब 40 वर्षों के सैन्य करियर में उन्होंने असम में ‘ऑपरेशन राइनो’ सहित कई अहम अभियानों में नेतृत्व किया। जम्मू-कश्मीर, मध्य क्षेत्र और पश्चिमी मोर्चे पर सेना की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ वे भारतीय सेना की स्ट्राइक कोर ‘2 कोर’ का नेतृत्व भी कर चुके हैं।
उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक (PVSM), अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM), सेना पदक (SM) और विशिष्ट सेवा पदक (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2020 में तीनों सेनाओं के बेहतर समन्वय के लिए CDS पद का गठन किया था। देश के पहले CDS जनरल बिपिन रावत थे, जबकि जनरल अनिल चौहान दूसरे CDS बने। अब एन.एस. राजा सुब्रमणि देश के तीसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ होंगे।




