देहरादून, 27 अप्रैल 2026 मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्य सचिव ने प्रदेश में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए एक मजबूत और कम्पलीट मैकेनिज्म तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस दिशा में शीघ्र कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही, चारधाम यात्रा मार्गों और जनपदों के प्रवेश द्वारों पर कचरा निस्तारण के लिए अतिरिक्त फंड उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने जिलाधिकारियों को चारधाम मार्गों और धामों के आसपास विशेष स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि आवंटित अतिरिक्त फंड का सही और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने प्रदेश में स्थापित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स के पानी का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि उपचारित जल को 100 प्रतिशत गैर-पेयजल कार्यों में इस्तेमाल करने के लिए ठोस योजना तैयार की जाए।
इसके अलावा, राज्य में सभी कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट्स और वेस्ट टू एनर्जी प्रोजेक्ट्स को जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की निगरानी के लिए व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम को शीघ्र लागू करने की बात कही।
बैठक में सचिव नितेश कुमार झा, रणवीर सिंह चौहान, डॉ अहमद इकबाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




