16, 17 व 18 मार्च को सभी 13 जनपदों में होगी व्यापक मॉक ड्रिल

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून। राज्य में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से 16, 17 तथा 18 मार्च 2026 को उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास जिला मुख्यालयों के साथ-साथ विभिन्न तहसीलों में भी कराया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर आपदा से निपटने की क्षमता का आकलन किया जा सके और प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत बनाया जा सके।

शनिवार को सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी जनपदों के अधिकारियों के साथ मॉक ड्रिल की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जनपदों ने संभावित सिनेरियो और चयनित स्थलों की जानकारी साझा की।

सचिव ने निर्देश दिए कि मॉक ड्रिल को वास्तविक परिस्थिति की तरह आयोजित किया जाए, ताकि अभ्यास के दौरान वास्तविक स्थिति का आकलन हो सके और तैयारियों का सही मूल्यांकन किया जा सके। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) पूरे अभ्यास की निगरानी करेगा।

उन्होंने कहा कि अब यूएसडीएमए स्वयं मॉक अभ्यासों को सफलतापूर्वक आयोजित करने में सक्षम है और जनपदों को भी इस स्तर तक सक्षम बनाया जा रहा है कि वे अपने संसाधनों के आधार पर नियमित रूप से अभ्यास कर सकें। इससे आपदा के समय त्वरित कार्रवाई और स्थानीय स्तर पर प्रभावी निर्णय संभव हो सकेगा।

मॉक ड्रिल के माध्यम से विभागीय समन्वय, राहत एवं बचाव दलों की त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों के दक्ष उपयोग, संचार व्यवस्था, चेतावनी प्रणाली, राहत सामग्री की उपलब्धता और उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की जाएगी। सचिव ने कहा कि यूएसडीएमए “जीरो डेथ” के लक्ष्य को सामने रखकर कार्य कर रहा है और पूर्व तैयारी मजबूत होने पर जनहानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।

इन संभावित आपदाओं पर होगा अभ्यास

मॉक अभ्यास के दौरान भूकम्प, वनाग्नि, भूस्खलन, अग्निकांड, जलभराव, बाढ़, मानव-वन्यजीव संघर्ष, नाव पलटने की घटना, बादल फटना, जलाशय विस्फोट, औद्योगिक दुर्घटना, एवलांच, भगदड़ और नदी में डूबने जैसी संभावित घटनाओं पर आधारित सिनेरियो पर अभ्यास किया जाएगा।

इन अभ्यासों में जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, वन विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियां सक्रिय रूप से भाग लेंगी।

बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन महावीर सिंह चौहान, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो. ओबैदुल्लाह अंसारी, एसडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट सुभांग रतूड़ी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *