विश्व पैंगोलिन दिवस पर माटी संस्था का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून। विश्व पैंगोलिन दिवस के अवसर पर माटी बायोडायवर्सिटी कंजरवेशन एंड सोसाइटीयल रिसर्च सोसाइटी (माटी संस्था) द्वारा राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, कौलगढ़ में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में विलुप्तप्राय वन्यजीव पैंगोलिन के प्रति रुचि, संवेदनशीलता और संरक्षण भावना विकसित करना था।

कार्यक्रम में संस्था के वैज्ञानिक डॉ. जोखन शर्मा ने एक संक्षिप्त प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को पैंगोलिन की पृष्ठभूमि, उसकी पारिस्थितिकी तंत्र में भूमिका, वर्तमान संकट तथा संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पैंगोलिन विश्व का सर्वाधिक तस्करी किया जाने वाला स्तनधारी जीव है और इसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।

डॉ. शर्मा ने कहा कि माटी संस्था पिछले कई वर्षों से इस विलुप्त होते वन्यजीव के संरक्षण हेतु निरंतर कार्य कर रही है। संस्था वैज्ञानिक शोध, जन-जागरूकता अभियान और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। विश्व पैंगोलिन दिवस संस्था के प्रमुख फ्लैगशिप कार्यक्रमों में से एक है, जिसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक संरक्षण का संदेश पहुंचाया जाता है।

इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों द्वारा पैंगोलिन संरक्षण पर आधारित एक प्रेरक नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसमें अवैध शिकार और वन्यजीव तस्करी के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भावुक एवं जागरूक किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के बीच लाइव पेंटिंग प्रतियोगिता तथा बेकार वस्तुओं के उपयोग से मॉडल निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नुक्कड़ नाटक समूह एवं प्रतियोगिता के विजेताओं को संस्था द्वारा सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं अध्यापकों ने माटी संस्था द्वारा आयोजित इस प्रकार के शैक्षिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें प्रकृति एवं जैव विविधता संरक्षण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में माटी संस्था के सदस्य सुनीत कुमार, नीलम सिंह, अनिल कुमार सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

माटी संस्था ने भविष्य में भी जैव विविधता संरक्षण एवं वन्यजीव सुरक्षा के प्रति समाज को जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *