बीते तीन दिनों से केदार नाथ में बर्फबारी का सिलसिला जारी है

UTTARAKHAND NEWS

केदारनाथ धाम में बीते तीन दिनों से लगातार बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जिसके कारण केदारनाथ यात्रा प्रभावित हुई है। हेली सेवाओं पर भी रोक लगाई गई है। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के बताया कि खराब मौसम होने के कारण यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर गौरीकुंड और सोनप्रयाग में केदारनाथ दर्शन करने जा रहे यात्रियों को अस्थाई रूप से रोका जा रहा है। यात्रा मार्ग पर एस.डी.आर.एफ., एन.डी.आर.एफ. और सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिये गये हैं। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार के भूस्खलन की कोई सूचना नहीं है। वहीं खराब मौसम ने तीर्थयात्रियों के साथ ही प्रशासन और स्थानीय कारोबारियों के लिए भी परेशानी बढ़ा दी है। आज सुबह से ही केदारनाथ में बर्फबारी शुरू हो गई जबकि निचले इलाकों में बारिश होती रही। खराब मौसम के चलते प्रशासन ने सुबह दस बजे के बाद सोनप्रयाग से केदारनाथ जा रहे यात्रियों को रोक दिया। गौरीकुंड से घोड़ा खच्चरों की आवाजाही भी रोकी गई। पैदल चलने वाले यात्रियों को 12 बजे तक सुरक्षित स्थानों पर रोका गया जिसके बाद ही उन्हें यात्रा करने की अनुमति दी गई। वहीं केदारनाथ से नीचे आने वाले यात्रियों को भी सुरक्षित स्थानों पर ठहरने को कहा गया है। बारिश के चलते यात्रा पड़ाव जंगलचट्टी, भीमबली, लिंचौली, बेस कैंप में यात्रियों की भीड़ रही। इस बीच चारधाम यात्रा को लेकर पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने साफ किया है कि यात्रा को पूरी तरह से रोका नहीं गया है। भारी बारिश के चलते केदारनाथ यात्रा मार्ग के पड़ाव सोनप्रयाग और कुछ अन्य जगहों पर श्रद्धालुओं को आगे की यात्रा के लिए रुक-रुक कर सीमित संख्या में भेजा जा रहा है। मौसम विभाग ने पहले ही चारधाम यात्रा मार्ग पर बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की थी जिसको देखते हुए प्रशासन ने यह व्यवस्था की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.