उत्तराखंड से 15 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल पांच दिवसीय हैदराबाद प्रेस टूर पर

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) देहरादून द्वारा आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर के लिए उत्तराखंड से 15 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल सोमवार को हैदराबाद पहुंचा। जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से रवाना हुआ पत्रकारों का दल हैदराबाद में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी प्रगति और नवाचारों से जुड़े प्रमुख संस्थानों एवं परियोजनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन करेगा।

अध्ययन यात्रा का उद्देश्य पत्रकारों को केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति से रूबरू कराना है, ताकि इनसे जुड़ी जानकारी को तथ्यात्मक एवं व्यापक रूप से आम जनता तक पहुंचाया जा सके। पांच दिवसीय दौरे के दौरान विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकार हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों, शोध केंद्रों और आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं का भ्रमण करेंगे।

प्रतिनिधिमंडल भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS), शिल्पारामम सांस्कृतिक एवं हस्तशिल्प गांव, आईसीएमआर-राष्ट्रीय पोषण संस्थान, सालार जंग संग्रहालय, ईएसआईसी अस्पताल सहित अन्य प्रमुख औद्योगिक एवं तकनीकी प्रतिष्ठानों का दौरा करेगा। इस दौरान पत्रकार संबंधित संस्थानों के विशेषज्ञों से संवाद कर वहां संचालित गतिविधियों, अनुसंधान और उपलब्धियों की जानकारी भी प्राप्त करेंगे।

पीआईबी देहरादून के अनुसार, राष्ट्रीय प्रेस टूर का उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय स्तर की विकासात्मक प्राथमिकताओं के बीच मजबूत सेतु तैयार करना है। ऐसे अध्ययन भ्रमण के माध्यम से पत्रकारों को विकास परियोजनाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखने, उनकी उपयोगिता समझने और जमीनी स्तर पर उनके प्रभाव का आकलन करने का अवसर मिलता है।

पीआईबी देहरादून द्वारा आयोजित प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि यह यात्रा उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं और राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद देश का प्रमुख आईटी, फार्मास्यूटिकल और वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्र है। ऐसे में पत्रकारों को अत्याधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान और बुनियादी ढांचे में हो रही प्रगति को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रेस टूर का प्राथमिक उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया को राष्ट्रीय विकास की प्राथमिकताओं से जोड़ना और जमीनी स्तर पर हो रहे बदलावों की सटीक जानकारी उपलब्ध कराना है। पीआईबी देहरादून की ओर से समय-समय पर ऐसे राष्ट्रीय प्रेस टूर आयोजित किए जाते हैं, ताकि मीडिया प्रतिनिधि विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं का प्रत्यक्ष अनुभव लेकर उनकी जनहित और राष्ट्रहित में उपयोगिता को बेहतर ढंग से सामने ला सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *