उत्तराखंड के मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने INCOIS का किया दौरा

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून द्वारा आयोजित हैदराबाद प्रेस अध्ययन दौरे पर उत्तराखंड का 15 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल पहुंचा है। 31 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक चलने वाले इस अध्ययन दौरे का नेतृत्व पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक श्री संजीव सुंद्रियाल कर रहे हैं। दौरे का उद्देश्य पत्रकारों को तेलंगाना में केंद्र सरकार की प्रमुख विकास गतिविधियों, योजनाओं और पहलों की प्रत्यक्ष जानकारी उपलब्ध कराना है।

दौरे के पहले दिन प्रतिनिधिमंडल ने पीआईबी हैदराबाद का भ्रमण किया। इस दौरान पत्रकारों ने श्रीमती श्रुति पाटिल, अपर महानिदेशक, पीआईबी हैदराबाद, डॉ. मानस कृष्णकांत, संयुक्त निदेशक, पीआईबी हैदराबाद सहित अन्य अधिकारियों के साथ संवाद किया।

श्रीमती श्रुति पाटिल ने प्रतिनिधिमंडल को तेलंगाना के बदलते मीडिया परिदृश्य के साथ-साथ केंद्र सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और प्रमुख पहलों के प्रचार-प्रसार के लिए पीआईबी तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) द्वारा संचालित संचार एवं आउटरीच कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने विकासोन्मुख पत्रकारिता को बढ़ावा देने में ऐसे प्रेस दौरों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि अध्ययन दौरे के दौरान प्राप्त अनुभवों और जानकारी को उत्तराखंड की जनता तक पहुंचाया जाए, ताकि विभिन्न राज्यों में हो रहे विकास कार्यों और पहलों के प्रति जागरूकता बढ़ सके।

INCOIS में जानी भारत की महासागर निगरानी और सुनामी चेतावनी प्रणाली

प्रतिनिधिमंडल ने पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन कार्यरत भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) का भी दौरा किया। यहां पत्रकारों को भारत की महासागर निगरानी क्षमता, सुनामी चेतावनी प्रणाली, समुद्री पूर्वानुमान तथा आपदा संबंधी अलर्ट जारी करने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।

आगामी दिनों में प्रतिनिधिमंडल भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN) तथा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत ईएसआईसी अस्पताल का भ्रमण करेगा। इन दौरों के माध्यम से पत्रकारों को पोषण अनुसंधान, सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी मिलेगी।

हैण्डलूम प्रदर्शनी में दिखी देशभर की हस्तशिल्प और बुनकरी की विविधता

मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत हैदराबाद में आयोजित हैण्डलूम प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों के शिल्पियों, बुनकरों और कलाकारों द्वारा तैयार हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। पत्रकारों ने प्रदर्शनी में देश की विविध हस्तशिल्प परंपराओं और स्थानीय उत्पादों को करीब से देखा। प्रदर्शनी में लोगों की उत्साहजनक भागीदारी भी देखने को मिली।

अध्ययन दौरे के सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत प्रतिनिधिमंडल सालार जंग संग्रहालय, चारमीनार और लाड बाजार का भ्रमण करेगा। इसके माध्यम से पत्रकारों को हैदराबाद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।

यह अध्ययन दौरा पत्रकारों को तेलंगाना में केंद्र सरकार की विकास पहलों की जमीनी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ हैदराबाद की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *