देहरादून, 12 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पद्मश्री से सम्मानित एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निशानेबाज जसपाल राणा के देहरादून स्थित आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चढ़ाकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जसपाल राणा ने अपनी असाधारण प्रतिभा और उपलब्धियों से देश एवं उत्तराखण्ड का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। खेल जगत में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।
जसपाल राणा के निधन से खेल जगत एवं उत्तराखण्ड में शोक की लहर है। उनके प्रशंसकों, खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।




