मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में चयनित तीन बेटियों को अपने निजी आवास नगला तराई में आमंत्रित कर बधाई दी और सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने शांभवी तिवारी (किच्छा), प्रिया चौहान (काशीपुर) और सौम्या गर्ब्याल (भीमताल) से संवाद करते हुए कहा कि इन बेटियों ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि तीनों की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और यह उनके समर्पण, अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने तीनों चयनित अभ्यर्थियों को पुस्तक, उपहार और शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों के परिजनों से भी वार्ता कर उन्हें बधाई दी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जनपद की जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट को भी सम्मानित किया। लता बिष्ट ने भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित पर्वतारोहण अभियान में माउंट चंद्रभागा-13 (6264 मीटर) और माउंट चंद्रभागा-14 (6074 मीटर) पर टीम लीडर के रूप में सफल आरोहण किया है। मुख्यमंत्री ने उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी और प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




