सीएम धामी के निर्देश पर चारधाम यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण

UTTARAKHAND NEWS

उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शुक्रवार को सचिव लोक निर्माण डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत उत्तरकाशी-भटवाड़ी-हर्षिल-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने बीआरओ अधिकारियों को 15 अप्रैल 2026 तक राष्ट्रीय राजमार्ग-34 को पूर्ण रूप से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्ग से मलबा हटाने, डेंजर व लैंडस्लाइड जोन में आवश्यक कटिंग कर चौड़ाई बढ़ाने तथा हॉट मिक्स के माध्यम से सड़क की राइडिंग क्वालिटी सुधारने के निर्देश दिए।

स्वाड़ी-गाड में निर्माणाधीन 85 मीटर स्पान स्टील सेतु के कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए सचिव ने कहा कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व स्टील गर्डर सेतु की लॉन्चिंग, डेक स्लैब और एप्रोच रोड का कार्य पूर्ण किया जाए।

उन्होंने मुखवा से धराली तक पैदल मार्ग एवं पैदल सेतु का भी निरीक्षण किया। धराली क्षेत्र में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त पैदल सेतु की मरम्मत और धराली-हर्षिल के बीच क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग के पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ न होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सचिव ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय पर कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बीआरओ एवं विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले संबंधित स्थलों पर हॉट मिक्स कार्य पूर्ण कर सड़क की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान इं. रणजीत सिंह, इं. विजय कुमार, इं. नवीन लाल, इं. कैलाश चंद्र नौटियाल, मेजर संतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *