गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनिल बलूनी ने गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान राष्ट्रपति ने उत्तराखंड सहित देशभर में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने अतिवृष्टि और बादल फटने से प्रभावित लोगों का हालचाल जाना और राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।
महामहिम राष्ट्रपति ने इस आपदा में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। साथ ही उन्होंने दिवंगतों के परिजनों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति देने की कामना भगवान बद्री विशाल से की।
सांसद अनिल बलूनी ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होने के बावजूद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सहजता और मातृत्व का भाव भारत की शक्ति परंपरा का गौरव है।


