बनबसा को विकास की सौगात, सीएम धामी ने खेल सुविधाओं समेत कई कार्यों का किया शिलान्यास

UTTARAKHAND NEWS

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान बनबसा मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट और पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से खेलों को दिनचर्या का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने और अनुशासनपूर्ण जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करना उनके परिश्रम और समर्पण का सम्मान है। खेल किट खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं ऊर्जावान युवा ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की नींव हैं।

खेल, स्वास्थ्य और पर्यटन को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘आदर्श चम्पावत’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। लोहाघाट में लगभग 256.97 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज महिला खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने बताया कि जनपद में 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इससे गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं, टनकपुर में लगभग 237.74 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) क्षेत्र की परिवहन और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से जुड़े विकास कार्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी सृजित होंगे।

स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चन्द स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें 28 लाख रुपये की लागत से दर्शकदीर्घा स्टैंड, 20 लाख रुपये से पहुंच मार्ग और 20 लाख रुपये से बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा, सीएसआर के तहत 150.20 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन हॉल का निर्माण किया जाएगा।

इन कार्यों से स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा और खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध हो सकेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जतिन चंद को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

वन विभाग को मिले तीन टाटा योद्धा वाहन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एनएचपीसी लिमिटेड के टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से सीएसआर के तहत वन प्रभाग हल्द्वानी और वन प्रभाग चम्पावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग के कार्यों को सुगम बनाने के साथ वन एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चम्पावत के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जनसहभागिता से विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारकर ‘आदर्श चम्पावत’ के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *