देहरादून। आई०डी०टी०आर० (इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग एण्ड ट्रैफिक रिसर्च), झाझरा, देहरादून में रविवार को गंगोत्री कौशल विकास एवं उत्थान समिति के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आईडीटीआर के अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं के साथ मास्टर ऑफ सोशल वर्क, इग्नू, देहरादून के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईडीटीआर के सहायक निदेशक श्री रोहित गुप्ता ने वृक्षारोपण अभियान को सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि परिसर में शोभाकार, छायादार एवं औषधीय महत्व वाले पौधों के रोपण से आने वाले समय में परिसर का सौंदर्यीकरण होने के साथ-साथ हरियाली में भी वृद्धि होगी।
सहायक निदेशक श्री रोहित गुप्ता ने रीठे के पौधे का रोपण कर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद उपस्थित प्रशिक्षकों, प्रशिक्षुओं, छात्र-छात्राओं एवं संस्था के प्रतिनिधियों ने रीठा, आंवला, मालाबार नीम, च्यूरा, अमलतास सहित विभिन्न प्रजातियों के 60 से अधिक पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम के लिए पौधे वन अनुसंधान संस्थान के सौजन्य से प्राप्त हुए। उपस्थित लोगों ने वृक्षारोपण अभियान की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण और परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक श्री रोहित गुप्ता, प्रशिक्षक श्री हरीश राठौर, श्री अनुराग रावत एवं श्री अजय पंवार, संस्थान के कर्मचारी श्री सोहन थापा एवं श्री संजय कुमार, प्रशिक्षु श्रीमती स्वाति, किरण, मेघा, अंजली एवं संतोषी सहित मास्टर ऑफ सोशल वर्क, इग्नू, देहरादून से संजीव कुमार, अजय खाड़वाल एवं दारुल अफजल उपस्थित रहे।
गंगोत्री कौशल विकास एवं उत्थान समिति की ओर से अध्यक्ष श्री रमेश खत्री, श्रीमती ज्योत्सना खत्री, श्री रमेश प्रधान, श्रीमती शशि प्रधान, सुश्री नीलम प्रधान एवं श्री अमित कुमार गुप्ता सहित अन्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।




