देहरादून/नई दिल्ली, 6 अगस्त।राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स (YSM, SM, VSM) ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखण्ड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखण्ड में एनसीसी के विस्तार, सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने तथा आधुनिक प्रशिक्षण एवं आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में महानिदेशक एनसीसी ने राज्य के अधिकाधिक युवाओं को एनसीसी से जोड़ने के लिए सीमावर्ती एवं दूरस्थ क्षेत्रों में नई एनसीसी इकाइयों की स्थापना और विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना विकसित करने, प्रशिक्षण सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने तथा प्रस्तावित एनसीसी अकादमी की स्थापना सहित भविष्य की विभिन्न योजनाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर युवाओं में राष्ट्रीय चरित्र, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाला देश का एक प्रतिष्ठित संगठन है, जिसकी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने राज्य में एनसीसी के विस्तार और प्रस्तावित आधारभूत संरचना विकास से संबंधित सभी पहलों के लिए राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि एनसीसी के विस्तार और आधुनिक सुविधाओं के विकास से उत्तराखण्ड के युवाओं को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व प्रशिक्षण और राष्ट्र सेवा के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही सीमांत क्षेत्रों के युवाओं की भागीदारी बढ़ने से राष्ट्रीय सुरक्षा एवं सामाजिक विकास को भी नई मजबूती मिलेगी।




