देहरादून, 05 अगस्त। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक बुधवार को गढ़वाल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में देहरादून और मसूरी क्षेत्र के सुनियोजित एवं संतुलित विकास से जुड़े लगभग 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को नियमानुसार मंजूरी प्रदान की गई। इनमें लैण्ड पूलिंग योजना, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल तथा रेस्टोरेंट निर्माण से संबंधित परियोजनाएं प्रमुख रहीं।
बैठक का शुभारंभ एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी द्वारा अध्यक्ष एवं बोर्ड सदस्यों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद 113वीं बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई, जिसे बोर्ड ने अनुमोदित किया। इसके उपरांत 114वीं बोर्ड बैठक के एजेंडे पर विस्तृत चर्चा करते हुए विभिन्न विकास प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए।
लैण्ड पूलिंग योजना को मिलेगा विस्तार
बैठक में विकासनगर क्षेत्र के कल्याणपुर, परगना पछवादून में एमडीडीए द्वारा लैण्ड पूलिंग योजना के अंतर्गत खरीदी गई भूमि के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट का भू-उपयोग निःशुल्क परिवर्तित किए जाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इस निर्णय से क्षेत्र में नियोजित शहरी विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
पर्यटन, निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
बोर्ड बैठक में पर्यटन एवं निवेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। होटल, पर्यटन इकाइयों, औद्योगिक भवनों, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण से संबंधित प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद उन्हें नियमानुसार स्वीकृति दी गई। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र में निवेश आकर्षित होने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
नियोजित और पारदर्शी विकास पर जोर
बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि तेजी से विस्तार कर रहे शहरी क्षेत्रों में विकास कार्य पूरी तरह योजनाबद्ध, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं। सभी प्रस्तावों की तकनीकी एवं नियामकीय समीक्षा के बाद ही स्वीकृति प्रदान की गई।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय क्षेत्र के संतुलित एवं नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि लैण्ड पूलिंग सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं से निवेश को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। प्राधिकरण पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य संस्कृति के साथ विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बोर्ड से स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक परियोजना की तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ पूरा करते हुए विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाए जाएंगे।
बैठक में गढ़वाल आयुक्त एवं एमडीडीए अध्यक्ष आनन्द स्वरूप, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, संयुक्त सचिव वित्त विजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (एफआर) कृष्ण कुमार मिश्र, उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह, मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक एस.एम. श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम सौरभ शर्मा, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, वित्त नियंत्रक संजीव कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में अध्यक्ष ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।




