डोईवाला में एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, 5 बीघा में विकसित हो रही अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून, 22 जुलाई 2026। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को डोईवाला के खेरी रोड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने बलविन्दर सिंह द्वारा बिना वैधानिक स्वीकृति के लगभग पांच बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई जा रही सड़कों सहित अन्य निर्माण कार्यों को जेसीबी की मदद से हटाया। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति किए जा रहे किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियां शहर के सुनियोजित विकास में बाधा उत्पन्न करती हैं और आम नागरिकों के हितों को भी प्रभावित करती हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पहले उसकी वैधानिक स्वीकृति और संबंधित दस्तावेजों की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण की टीम नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर रही है। जहां भी अवैध निर्माण या प्लॉटिंग की शिकायत मिलती है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग करना नियमों का उल्लंघन है, जिसके विरुद्ध ध्वस्तीकरण सहित नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं अवैध निर्माण या प्लॉटिंग की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल एमडीडीए को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *