अल्मोड़ा, 27 मई 2026 अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में बुधवार को राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में सतत विकास लक्ष्यों (SDG) की दिशा में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्य करने वाले 32 संगठनों, व्यक्तियों एवं समूहों को सम्मानित किया गया। साथ ही जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह समारोह उन कर्मयोगियों को सम्मानित करने का अवसर है जिन्होंने समाजहित में अनुकरणीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन संस्थानों और व्यक्तियों ने अपने संकल्प एवं मेहनत से असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं। भारत सरकार के वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के विजन के तहत उत्तराखंड निरंतर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उत्तराखंड 10वें स्थान पर था, जबकि अब ताजा रिपोर्ट के अनुसार राज्य देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास तथा सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है तथा प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में हो रहे विकास के कारण राज्य में रिवर्स पलायन बढ़ा है और लोग अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में राज्य का शीर्ष स्थान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्पों का परिणाम है।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव नियोजन एवं सीईओ CPPGG डॉ. आर मीनाक्षी सुन्दरम, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।




