मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार में आनंद धर्मशाला ट्रस्ट का किया लोकार्पण

UTTARAKHAND NEWS

हरिद्वार, 24 मई 2026। अज्ज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित नव धर्मशाला के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने धर्मशाला का विधिवत लोकार्पण करते हुए कहा कि क्षत्रिय कलौता समाज ने सदैव अपने परिश्रम, साहस और संस्कारों के बल पर समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा और देश की सुरक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लोगों ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और अन्य सुरक्षा बलों में सेवाएं देकर समाज के वीर सपूत राष्ट्र की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा धार्मिक जागरण, सांस्कृतिक संरक्षण और मानव कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह धर्मशाला सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना का सजीव प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि Haridwar भारत की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रवेश द्वार है, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु माँ गंगा की गोद में आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण पुण्य और सराहनीय कार्य है, जो आगामी कुंभ और चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री Narendra Modi के मार्गदर्शन में कार्य कर रही है। घाटों के पुनरुद्धार, सड़क व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत सुविधाओं के विकास हेतु तेजी से कार्य किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति को वैश्विक पहचान मिली है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, केदारनाथ एवं बद्रीनाथ धाम पुनर्विकास, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और महाकाल लोक जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में भी केदारखंड एवं मानसखंड क्षेत्रों के प्राचीन मंदिरों के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य निरंतर प्रगति पर हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, सनातन मूल्यों और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू किए जाने को सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।

कार्यक्रम में हरी चेतना नन्द महाराज महामंडलेश्वर, मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्य आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिला, पूर्व विधायक विशाल पटेल, आनंद ट्रस्ट धर्मशाला के उपाध्यक्ष संतोष पटेल, महाकालीका ट्रस्ट इन्दौर के अध्यक्ष आशाराम सिसोदिया, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोभाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए ट्रस्टी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *