मुख्यमंत्री धामी ‘ऑपरेशन सिंदूर-शौर्य, सम्मान और वीरता’ कार्यक्रम में शामिल हुए

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून। आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिह धामी ने दून सैनिक इंस्टीट्यूट, गढ़ी कैंट, देहरादून में आयोजित ‘ऑपरेशन सिंदूर-शौर्य, सम्मान और वीरता’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना के साहस, समर्पण और वीरता को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारतीय सेनाओं के अदम्य शौर्य के कारण आतंकवाद के विरुद्ध ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश सो रहा था, तब भारतीय सेनाओं ने मात्र 22 मिनट में पाकिस्तान में संचालित आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की अत्याधुनिक वायु सुरक्षा प्रणाली ने दुश्मनों के सभी हमलों को विफल कर दिया और एक भी मिसाइल भारतीय भूमि पर नहीं गिरने दी। उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं ने चार दिनों के भीतर अपने पराक्रम से पाकिस्तान को युद्धविराम के लिए मजबूर कर दिया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का सेना और सैनिकों से भावनात्मक जुड़ाव है, क्योंकि राज्य के लगभग हर परिवार से कोई न कोई सदस्य सेना में सेवा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार सेना को आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक हथियारों से सुसज्जित कर रही है और भारत अब रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के साथ कई देशों को रक्षा सामग्री का निर्यात भी कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत के रक्षा निर्यात में 38 गुना की वृद्धि हुई है और आज भारत दुनिया के 80 से अधिक देशों को रक्षा उपकरण उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह सिद्ध कर दिया कि स्वदेशी हथियार किसी भी विदेशी हथियार से बेहतर हैं।

उन्होंने कहा कि यह नया भारत है, जो दुश्मनों की हर नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब देना जानता है। मुख्यमंत्री ने वन रैंक वन पेंशन, नेशनल वॉर मेमोरियल, रक्षा बजट में वृद्धि और सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास जैसे कदमों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने शहीद सैनिकों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में पांच गुना तक वृद्धि की है। वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों और पूर्व सैनिकों के लिए सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। साथ ही, पूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये तक की स्थायी संपत्ति खरीदने पर स्टाम्प ड्यूटी में 25 प्रतिशत की छूट भी प्रदान की जा रही है।

कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल सैन्य अभियान नहीं, बल्कि भारत की उस अटल प्रतिज्ञा का प्रतीक है, जिसमें मातृशक्ति के सम्मान, राष्ट्र की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है।

इस अवसर पर सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, मेजर जनरल शमी सभरवाल, मेजर जनरल डी. अग्निहोत्री, मेजर जनरल पी.एस. राणा, ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट, ब्रिगेडियर केजी बहल, सैनिक कल्याण निदेशक श्याम सिंह, मेजर जनरल गुलाब सिंह रावत और वाइस एडमिरल अनुराग थपलियाल सहित अनेक सैन्य एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *