मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने राजधानी देहरादून में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार को सीलिंग अभियान चलाया। प्राधिकरण की टीम ने पटेलनगर सहारनपुर रोड और देहराखास क्षेत्र में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों को चिन्हित कर उन्हें सील कर दिया।
एमडीडीए द्वारा पटेलनगर सहारनपुर रोड पर मनी गर्ग द्वारा कराए जा रहे अवैध व्यवसायिक निर्माण को सील किया गया। वहीं देहराखास क्षेत्र में विपिन कुमार वर्मा द्वारा किए जा रहे अवैध आवासीय निर्माण पर भी कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि दोनों निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे और आवश्यक अनुमति के किए जा रहे थे, जो प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन है।
संयुक्त सचिव प्रत्यूस सिंह द्वारा नियमानुसार सीलिंग आदेश जारी किए गए। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता निशांत कुकरेती, अवर अभियंता जयदीप राणा और सुपरवाइजर की टीम मौजूद रही।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण शहर के सुनियोजित विकास के लिए गंभीर चुनौती हैं और ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि शहर के सुनियोजित विकास, ट्रैफिक प्रबंधन और बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाए रखने के लिए अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




