आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिह धामी ने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत 7 लाख 56 हजार 682 पेंशनर्स के खातों में अप्रैल माह की पेंशन राशि वन क्लिक के माध्यम से जारी की। सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि ट्रांसफर की गई।
इसमें वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाएं शामिल रहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लोग समाज कल्याण पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का सर्वे कर समय से आवेदन और अन्य औपचारिकताएं पूरी कराई जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समाज कल्याण योजनाओं की जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध कराने, वार्षिक आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और कॉल सेंटर के माध्यम से बुजुर्गों एवं पेंशनर्स से संवाद बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में विभागीय मंत्री खजन दास ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रहा है।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।




