देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक घटनाक्रम के तहत ध्रुव रौतेला ने मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के दौरान उन्होंने सचिव सूचना शैलेश बगौली से शिष्टाचार भेंट कर मीडिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने राज्य में सूचना तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
पदभार ग्रहण करने के बाद ध्रुव रौतेला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और विकास की इस गति को और तेज करने के लिए जरूरी है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सही और समयबद्ध जानकारी आम जनता तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि कई बार योजनाओं का लाभ केवल जानकारी के अभाव में पात्र लोगों तक नहीं पहुंच पाता, इसलिए मीडिया की भूमिका इस दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। उनकी प्राथमिकता रहेगी कि सरकार की हर योजना, नीति और निर्णय का व्यापक और प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार मीडिया एवं पत्रकारों के कल्याण को लेकर गंभीर है और उनके हितों की रक्षा, समस्याओं के समाधान तथा कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसे मजबूत बनाए बिना सुशासन की कल्पना अधूरी है।
ध्रुव रौतेला ने यह भी कहा कि मीडिया और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित में लिए गए निर्णयों को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना अधिक सहज और प्रभावी बनाया जा सकता है। इसके लिए पारदर्शिता, संवाद और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मीडिया सलाहकार समिति इस दिशा में एक मजबूत सेतु का कार्य करेगी और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।




