PM मोदी ने दो नई रेल लाइन राष्ट्र को की समर्पित, कहा- ”मुंबई की जिंदगी को मिलेगी और रफ्तार”

National News

पीएम मोदी ने शुक्रवार को ठाणे और दिवा को जोड़ने वाली दो अतिरिक्त रेलवे लाइनों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने मुंबई की दो उपनगरीय रेलगाड़ियों को भी झंडी दिखाकर रवाना किया। बता दें पीएम मोदी ने छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्म जयंती से एक दिन पूर्व उपहार स्वरूप यह नई रेल लाइन राष्ट्र को समर्पित की है।

छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्म जयंती से पूर्व दिया उपहार

इस दौरान पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा, कल छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्म जयंती है। सबसे पहले मैं भारत के गौरव, भारत की पहचान और संस्कृति के रक्षक देश के महान महानायक के चरणों में प्रणाम करता हूं।

मुंबई की कभी न थमने वाली जिंदगी को और अधिक रफ्तार देगी ये रेलवे लाइन

आगे जोड़ते हुए पीएम मोदी बोले, ठाणे-दिवा के बीच नई बनी पांचवीं और छठी रेल लाइन के शुभारंभ पर हर मुंबईकर को बहुत-बहुत बधाई। ये नई रेल लाइन, मुंबई वासियों के जीवन में एक बड़ा बदलाव लाएंगी, उनकी Ease of Living बढ़ाएगी। ये नई रेल लाइन, मुंबई की कभी न थमने वाली जिंदगी को और अधिक रफ्तार देगी।

सेंट्रल रेलवे लाइन पर 36 नई लोकल

पीएम मोदी ने जानकारी दी कि आज से सेंट्रल रेलवे लाइन पर 36 नई लोकल चलने जा रही हैं। इनमें से भी अधिकतर AC ट्रेनें हैं। ये लोकल की सुविधा को विस्तार देने, लोकल को आधुनिक बनाने के केंद्र सरकार के कमिटमेंट का हिस्सा है।

अहमदाबाद-मुंबई हाई स्पीड रेल आज मुंबई की, देश की आवश्यकता

उन्होंने कहा कि मुंबई महानगर ने आजाद भारत की प्रगति में अपना अहम योगदान दिया है। अब प्रयास है कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी मुंबई का सामर्थ्य कई गुणा बढ़े। इसलिए मुंबई में 21वीं सदी के इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण पर हमारा विशेष फोकस है। आगे जोड़ते हुए पीएम मोदी ने कहा, अहमदाबाद-मुंबई हाई स्पीड रेल आज मुंबई की, देश की आवश्यकता है। ये मुंबई की क्षमता को, सपनों के शहर के रूप में मुंबई की पहचान को सशक्त करेगी। ये प्रोजेक्ट तेज गति से पूरा हो, ये हम सभी की प्राथमिकता है।

…तो इसलिए बनाया ”पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान”

पीएम मोदी ने बताया कि अतीत में इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स सालों-साल तक इसलिए चलते थे क्योंकि प्लानिंग से लेकर एग्जीक्यूशन तक तालमेल की कमी थी। इस अप्रोच से 21वीं सदी भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण संभव नहीं है। इसलिए हमने पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान बनाया है

उन्होंने आगे कहा कि बरसों से हमारे यहां एक सोच हावी रही कि जो साधन-संसाधन गरीब इस्तेमाल करता है, मिडिल क्लास इस्तेमाल करता है, उस पर निवेश नहीं करो। इस वजह से भारत के पब्लिक ट्रांसपोर्ट की चमक हमेशा फीकी ही रही। लेकिन अब भारत उस पुरानी सोच को पीछे छोड़कर आगे बढ़ रहा है

आधुनिक रेलवे स्टेशन बन रहे हैं रेलवे की पहचान

पीएम मोदी ने कहा, गांधीनगर और भोपाल के आधुनिक रेलवे स्टेशन रेलवे की पहचान बन रहे हैं। आज 6000 से ज्यादा रेलवे स्टेशन WiFi सुविधा से जुड़ चुके हैं। वंदे भारत ट्रेनें देश की रेल को गति और आधुनिक सुविधा दे रही है। आने वाले वर्षों में 400 नई वंदे भारत ट्रेनें देशवासियों को सेवा देना शुरू करेंगी

इस वजह से बनाई गई दो अतिरिक्त पटरियां

उल्लेखनीय है कि कल्याण मध्य रेलवे का मुख्य जंक्शन है। देश के उत्तरी और दक्षिणी भाग से आने वाला यातायात कल्याण में एक साथ हो जाता है और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसटीएम) की ओर चला जाता है। कल्याण और सीएसटीएम के बीच चार पटरियों में से दो ट्रैक धीमी लोकल ट्रेनों के लिए और दो ट्रैक फास्ट लोकल, मेल एक्सप्रेस और मालगाड़ियों के लिए इस्तेमाल किए गए थे। उपनगरीय और लंबी दूरी की रेलगाड़ियों को अलग करने के लिए दो अतिरिक्त पटरियों की योजना बनाई गई थी।

620 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई रेलवे लाइन

ठाणे और दिवा को जोड़ने वाली दो अतिरिक्त रेल लाइनें लगभग 620 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई हैं और इसमें 1.4 किमी लंबा रेल फ्लाईओवर, 3 प्रमुख पुल, 21 छोटे पुल शामिल हैं। ये लाइनें मुंबई में उपनगरीय रेलगाड़ियों के यातायात के साथ लंबी दूरी की रेलगाड़ियों के यातायात में रुकावट को काफी हद तक दूर कर देंगी। इन लाइनों से शहर में 36 नई उपनगरीय रेलगाड़ियां भी चलाई जा सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.