सीएम धामी ने किया देहरादून में देश के एकमात्र अंतरराष्ट्रीय आइस रिंक के जीर्णोद्धार कार्यों का लोकार्पण

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून, सोमवार — मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर देहरादून में देश के एकमात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर के आइस रिंक के जीर्णोद्धार कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इसे उत्तराखंड के लिए एक बड़ी उपलब्धि करार दिया और कहा कि यह आइस स्केटिंग रिंक न केवल उत्तराखंड, बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2011 में बने इस रिंक में साउथ-ईस्टर्न एशियन विंटर गेम्स का आयोजन हुआ था, जिसमें भारत समेत भूटान, नेपाल, मालदीव और श्रीलंका के खिलाड़ी शामिल हुए थे। बाद में देखरेख के अभाव में रिंक बंद हो गया था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे पुनर्जीवित करने का संकल्प लिया।

सीएम धामी ने कहा, “हमने तय किया था कि चाहे विदेश से इंजीनियर बुलाने पड़ें, पर इस रिंक को फिर से शुरू करेंगे, और हमने यह कर दिखाया।” उन्होंने बताया कि इस रिंक के संचालन के लिए 1 मेगावाट का सोलर प्लांट भी स्थापित किया गया है, जिससे यह ग्रीन एनर्जी पर आधारित देश का अग्रणी खेल स्थल बन गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में इस रिंक पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे उत्तराखंड को खेल भूमि के रूप में स्थापित करने के उनके संकल्प को और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विधायक उमेश शर्मा ‘काउ’, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, अपर सचिव प्रशांत आर्य, खेल विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *