बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में फंसे ट्रैकर्स-पोर्टरों की होगी सुरक्षित वापसी, CM धामी ने दिए अधिकारियों को निर्देश

UTTARAKHAND NEWS

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली से उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर उत्तरकाशी के बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में ट्रैकिंग एवं पर्वतारोहण के लिए गए ट्रैकर्स और पोर्टरों की स्थिति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में फंसे प्रत्येक ट्रैकर, पोर्टर और पर्यटक को सुरक्षित निकालकर उनके घर तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने रेस्क्यू किए जा रहे लोगों को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं का भी समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक राज्य का अतिथि है। ऐसे में संकट की स्थिति में उसकी सहायता करना सरकार और प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने तथा प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बारिश से हुए नुकसान की भी समीक्षा

मुख्यमंत्री धामी ने विगत दिनों हुई बारिश से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हुए नुकसान का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों को तत्काल राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बारिश के कारण बंद हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर पूरा करने को कहा। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ सड़क और यातायात व्यवस्था को जल्द सामान्य करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *