लोहियाहेड में पैदल पहुंचे सीएम धामी, स्थानीय स्टॉल पर चखी टिकी

UTTARAKHAND NEWS

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लोहियाहेड में ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को बढ़ावा देते हुए स्थानीय व्यापारियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री आम लोगों के बीच पैदल पहुंचे और स्थानीय रूप से लोकप्रिय रवि के स्टॉल पर रुककर टिकी का स्वाद लिया।

मुख्यमंत्री को अपने बीच सहज अंदाज में पैदल चलते देखकर स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने स्टॉल संचालक रवि से बातचीत कर उनके व्यवसाय और स्वरोजगार के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के माध्यम से आजीविका अर्जित करने के प्रयासों की सराहना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों और छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहन देना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘लोकल फॉर वोकल’ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्वरोजगार बढ़ाने और आत्मनिर्भरता को गति देने का प्रभावी माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को प्राथमिकता देने से इसका सीधा लाभ स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों, युवाओं और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को मिलता है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ ही आत्मनिर्भर समाज और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को भी मजबूती मिलती है।

मुख्यमंत्री का स्थानीय लोगों के बीच इस सहज और आत्मीय अंदाज में पहुंचना क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। व्यापारियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री की सादगी तथा स्थानीय व्यवसायों के प्रति उनके प्रोत्साहन की सराहना की। मुख्यमंत्री का यह कदम छोटे कारोबारियों और स्थानीय उद्यमियों के सम्मान के साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को व्यवहार में उतारने की प्रेरक पहल के रूप में देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *