रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित एक निजी विद्यालय में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का विषय ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ रहा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विचारों, सुझावों और भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनकी परिकल्पनाओं को जाना।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऊर्जा, सोच और विकसित उत्तराखंड के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उत्साहवर्धक है। प्रदेश की भावी पीढ़ी को सशक्त, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार और सुझाव उत्तराखंड के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकसित भारत–विकसित उत्तराखंड’ के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा, रोजगार, नवाचार, कौशल विकास, पर्यटन, कृषि, खेल और तकनीक सहित प्रत्येक क्षेत्र को सशक्त किया जा रहा है। युवा शक्ति उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है और उनकी प्रतिभा एवं विचारों को अवसर देकर आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड का निर्माण किया जा रहा है।
‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन, विकास, नवाचार तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा नई नीतियां लागू की गई हैं।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी का निर्माण किया गया है। इसका उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में देश-दुनिया में नेतृत्व करने के अवसर उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेतृत्व क्षमता केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। खेल, चिकित्सा, विज्ञान, मीडिया और उद्योग सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग अपने-अपने क्षेत्र के लीडर होते हैं। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़कर देश और राज्य के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने सभी को रक्षाबंधन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेशभर के विद्यार्थियों का व्यापक समर्थन मिला है। अभियान के तहत 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध एवं विचार भेजे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के विचार उत्तराखंड के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी सोच और संकल्प को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी राज्य के भविष्य को लेकर सजग और जागरूक है। विद्यार्थियों के सपनों, सुझावों और नवाचारपूर्ण विचारों को विकास की दिशा से जोड़कर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड का निर्माण किया जाएगा।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 800 छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक, महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रामपाल सिंह, दिनेश मानसेरा, उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




