देहरादून, 29 जुलाई। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को स्वतंत्रता दिवस को पूरे प्रदेश में भव्य, गरिमामय एवं जनसहभागिता के साथ मनाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि इसे जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाए। इसके लिए राज्य एवं जनपद स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर, हाई एल्टीट्यूड साहसिक गतिविधियां, मैराथन, साइकिल, बाइक और कार रैली जैसे विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने प्रदेश के प्रमुख शहरों में पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बल एवं एनसीसी बैंड द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत संगीतमय प्रस्तुतियां आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने जल संरक्षण एवं संवर्द्धन के साथ व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि रक्तदान और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रमों को बड़े स्तर पर आयोजित किया जाए।
बैठक में महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी ने बताया कि 15 अगस्त को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 10 बजे देहरादून के परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य सचिव सचिवालय में सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। देहरादून को छोड़कर अन्य सभी जनपदों के जिलाधिकारी कार्यालयों में सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण होगा, जबकि देहरादून स्थित सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे विभागाध्यक्ष एवं कार्यालयाध्यक्ष ध्वजारोहण करेंगे।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक प्रदेश मुख्यालय एवं सभी जिला मुख्यालयों के प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से देशभक्ति के गीत प्रसारित किए जाएंगे। इसके अलावा 14 अगस्त को प्रदेश मुख्यालय में कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन होगा। सरकारी भवनों और ऐतिहासिक इमारतों को एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा।
प्रदेशभर के शिक्षण संस्थानों में सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, विचार गोष्ठियां, प्रदर्शनी, वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, बृजेश कुमार संत, विनय शंकर पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन, युगल किशोर पंत, रणवीर सिंह चौहान, जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




