देहरादून। उत्तराखंड फिल्म टेलीविजन एंड रेडियो एसोसिएशन (उफतारा) ने राज्य में पिछले 43 वर्षों से फिल्म निर्माण, निर्देशन और अभिनय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले निर्माता-निर्देशकों एवं वरिष्ठ कलाकारों को राज्य सरकार द्वारा पारितोषिक देकर सम्मानित किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद (UFDC) के कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया।
एमडीडीए कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उफतारा ने चार वरिष्ठ फिल्म हस्तियों को “उफतारा सम्मान-2026” से सम्मानित किया। यह सम्मान उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के कार्यकारी अधिकारी एवं सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी के करकमलों से प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि 28 जून को आयोजित मुख्य सम्मान समारोह में समयाभाव के कारण ये चारों विभूतियां सम्मान ग्रहण नहीं कर सकी थीं, इसलिए उन्हें आज सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाले वरिष्ठ फिल्मकारों में संजय चमोली, बी.एस. नेगी, सोहन लाल काला और अवध नारायण प्रसाद शामिल रहे। सभी सम्मानित हस्तियों ने उफतारा का आभार व्यक्त करते हुए उत्तराखंड की फिल्म संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर उफतारा के पदाधिकारियों ने बंशीधर तिवारी को ज्ञापन सौंपते हुए आग्रह किया कि उत्तराखंड फिल्म उद्योग की स्थापना से अब तक लगभग 43 वर्षों से निरंतर योगदान दे रहे निर्माता-निर्देशकों, तकनीशियनों एवं वरिष्ठ कलाकारों को राज्य सरकार द्वारा विशेष पारितोषिक एवं सम्मान प्रदान किया जाए। बंशीधर तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांग मुख्यमंत्री तक प्राथमिकता के साथ पहुंचाई जाएगी।
इस अवसर पर उफतारा के अध्यक्ष प्रदीप भण्डारी, महासचिव कांता प्रसाद, जस पंवार, अमरदेव गोदियाल, जस पंवार, गिरीश सनवाल ‘पहाड़ी’, पदम गुसाईं, नागेन्द्र प्रसाद, कैप्टन बंशीलाल कठुलियाल, हेमचन्द्र रावत, प्रमोद बेलवाल, टिकेंद्र सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।




