आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की पावन भूमि यमकेश्वर का संयुक्त भ्रमण कर विकास और आध्यात्म का अनूठा संदेश दिया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई, जहां दोनों मुख्यमंत्रियों ने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे और श्री विष्णु महायज्ञ में प्रतिभाग किया। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच और आध्यात्मिकता का संदेश देते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण बेहद जरूरी है।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए बिथ्याणी महाविद्यालय को “आदर्श कॉलेज” के रूप में विकसित करने तथा मिनी स्टेडियम निर्माण जल्द शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आधुनिक शिक्षा और विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में छात्राओं ने पारंपरिक स्वागत के साथ दोनों मुख्यमंत्रियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर कॉलेज की नई एआई आधारित वेबसाइट का डिजिटल उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एआई बॉट से संवाद कर परीक्षा प्रणाली और परिणामों की जानकारी ली, जबकि मुख्यमंत्री धामी ने छात्र संख्या और कौशल विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के नए भवन और सेमिनार हॉल का उद्घाटन, ‘विकसित भारत एक संकल्प’ पुस्तक का विमोचन तथा ओपन जिम का लोकार्पण भी किया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने स्वयं जिम उपकरणों पर व्यायाम कर युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




