देहरादून, उत्तराखंड फिल्म एवं टेलीविजन आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (UFTARA) की एक महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस दौरान संगठन के विस्तार, कलाकारों के हितों की सुरक्षा तथा उत्तराखंड में फिल्म, संगीत, वीडियो और तकनीकी क्षेत्र के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म उद्योग की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इन संभावनाओं को सही दिशा देने के लिए एक मजबूत और सक्रिय संगठन की आवश्यकता है। UFTARA की नई टीम इस दिशा में ठोस पहल करेगी और स्थानीय कलाकारों को एक बेहतर मंच प्रदान करेगी।
नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर प्रदीप भंडारी को चुना गया है। वहीं उपाध्यक्ष के रूप में अमर देव गोदियाल, महासचिव के रूप में कांता प्रसाद, कोषाध्यक्ष के रूप में प्रमोद बेलवाल, सचिव के रूप में नंदन सिंह कंडारी तथा प्रचार सचिव के रूप में नागेन्द्र प्रसाद को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में गंभीर सिह जयाडा , चंद्रवीर गायत्री एवं मुकेश शर्मा को शामिल किया गया है।
नवगठित कार्यकारिणी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूर्ण निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का संकल्प भी लिया।
संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में विभिन्न कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और फिल्म निर्माण से जुड़े प्रयासों के माध्यम से युवाओं को अवसर प्रदान किए जाएंगे, जिससे प्रदेश में रोजगार और रचनात्मकता को बढ़ावा मिल सके।




