देहरादून, 8 मार्च 2026। उत्तराखंड विधानसभा का पांच दिवसीय बजट सत्र सोमवार से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में शुरू होगा। इस सत्र के साथ ही सरकार पिछले 13 वर्षों में 11वीं बार पहाड़ का रुख करेगी।
वर्ष 2014 से अब तक गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में 10 बार विधानसभा सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान स्थायी राजधानी के रूप में गैरसैंण घोषित करने की मांग प्रमुख मुद्दों में शामिल थी। आंदोलनकारियों का मानना था कि भौगोलिक रूप से केंद्र में स्थित होने के कारण गैरसैंण कुमाऊं और गढ़वाल दोनों क्षेत्रों के लिए उपयुक्त राजधानी हो सकती है। हालांकि इसे स्थायी राजधानी के बजाय ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किया गया।
हालांकि गैरसैंण में आयोजित अधिकांश विधानसभा सत्र छोटे रहे हैं। कई बार यह सत्र केवल दो से तीन दिन तक ही चले।
वर्ष 2018 में गैरसैंण में छह दिन तक विधानसभा सत्र चला था। इसके अलावा वर्ष 2021 में भी 1 मार्च से 6 मार्च तक छह दिन तक सत्र आयोजित किया गया। वहीं वर्ष 2014 में तीन दिन, 2015 में दो दिन, 2016 में दो दिन, 2017 में दो दिन, 2020 में पांच दिन, 2023 में चार दिन, 2024 में तीन दिन और 2025 में दो दिन तक विधानसभा सत्र चला।
विधानसभा सचिव हेम चंद्र पंत के अनुसार वर्ष 2019 और 2022 में गैरसैंण में कोई विधानसभा सत्र आयोजित नहीं हुआ था।




