मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में ₹147 करोड़ 28.56 लाख की 40 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹72 करोड़ 38 लाख की लागत से 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹74 करोड़ 90 लाख 56 हजार की लागत से 17 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से नैनीताल जिला विकास की नई गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार “विकसित उत्तराखंड” के लक्ष्य की दिशा में तीव्रता से कार्य कर रही है और विभिन्न क्षेत्रों में लिए गए निर्णय अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ राज्य की संस्कृति और विरासत को भी संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल-विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए उन्होंने राज्य की पवित्रता और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा का संकल्प दोहराया।
23 योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग, महादेवपुरम, झलुवाझाला, बेलपोखरा एवं बैलपड़ाव में नलकूप निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
इसके साथ ही महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण और जल जीवन मिशन के अंतर्गत हरिपुर लच्छी, कालूपुर पोखरिया, जीतपुर रैक्वाल, देवलातल्ला, बसन्तपुर, किशनपुर रैक्वाल, चोरगलिया आमखेड़ा, हल्दूचौड़ जग्गी, भवानीपुर कृष्णा, पाडलीपुर, भगवानपुर दुर्गापुर, बकुटिया सहित 14 पेयजल योजनाओं का लोकार्पण किया गया। पशु चिकित्सालय रामगढ़ में भवन निर्माण कार्य भी इसी क्रम में शामिल रहा।
17 योजनाओं का शिलान्यास
शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में कसियालेख-धारी मोटर मार्ग, रानीबाग-खुटानी मार्ग, चाफी-पदमपुरी-धानाचुली मार्ग सुधारीकरण, नवाबी रोड सीवरेज कार्य, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, नारीमन तिराहे से गौलापुर तक सड़क मरम्मत, हल्दूचौड़-गौलारोड डीबीएमसी कार्य, पीपल पोखरा राइजिंग स्टेशन, वृन्दावन विहार व चांदनी चौक पीसी नवनिर्माण सहित अनेक सड़क एवं सीवरेज परियोजनाएँ शामिल हैं।
154.43 करोड़ की पेयजल योजना का भूमि पूजन
मुख्यमंत्री ने विशेष योजनांतर्गत सहायता (एसपीए) कार्यक्रम के तहत स्वीकृत हल्द्वानी-काठगोदाम श्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना (लागत ₹154.43 करोड़) का भूमि पूजन भी किया। इससे क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




