देहरादून।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी से उनके डिफेंस कॉलोनी, देहरादून स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री कोश्यारी को देश के प्रतिष्ठित पद्म भूषण सम्मान हेतु चयनित किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि यह सम्मान श्री भगत सिंह कोश्यारी के सार्वजनिक जीवन में दीर्घकालिक, समर्पित और राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण योगदान का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन से लेकर राज्य गठन, प्रशासनिक नेतृत्व और संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन तक श्री कोश्यारी ने प्रत्येक भूमिका में प्रदेश और देश को सुदृढ़ दिशा देने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि श्री भगत सिंह कोश्यारी का जीवन जनसेवा, सादगी और राष्ट्रनिष्ठा का प्रेरणास्रोत रहा है। पद्म भूषण सम्मान से न केवल उत्तराखंड, बल्कि संपूर्ण देश गौरवान्वित हुआ है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से श्री कोश्यारी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।




